1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 05, 2023, 10:08:06 AM
- फ़ोटो
PATNA: 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के उद्देश्य से बने विपक्षी दलों के गठबंधन I.N.D.I.A की तीसरी बैठक मुंबई में होनी है। मुंबई में होने वाली तीसरे चरण की बैठक 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी। शिवसेना की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि I.N.D.I.A की अगली बैठक मुंबई में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होगी।
दरअसल, विपक्षी दलों की पहली बैठक पटना में सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद बैंगलुरू में दूसरे चरण की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में विपक्ष के 26 दलों के शीर्ष नेता शामिल हुए थे और बीजेपी के खिलाफ I.N.D.I.A गठबंधन बनाया था। उस वक्त कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि मुंबई में तीसरे चरण की बैठक होगी और इस बैठक में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A का संयोजक कौन होगा, इसे तय कर लिया जाएगा।
मोदी सरनेम केस में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने के बाद अब शिवसेना की तरफ से विपक्षी दलों की बैठक की तारीख की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत ने कहा है कि विपक्षी दलों की होने वाली बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार को मीटिंग हुई जिसमें शरद पवार, सुप्रिया सुले, पृथ्वीराज चव्हाण, नाना पटोले, अशोक चव्हाण और अन्य लोग थे। उन्होंने बताया कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में 31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली विपक्षी दलों की तीसरी बैठक की मेजबानी शिवसेना करेगी।
मुंबई में होने वाली विपक्षी दलों की तीसरी बैठक काफी अहम मानी जा रही है क्योंकि इस बैठक में गठबंधन के संयोजक का नाम तय होना है। बिहार के सियासी गलियारे में इस बात की चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को I.N.D.I.A गठबंधन का संयोजक बनाया जा सकता है। इसके साथ ही एक समन्वय समिति का गठन भी होना है, जिसके सदस्यों के नाम भी इस बैठक में तय होने की संभावना है। साथ ही साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में सीटों के तालमेल को लेकर भी रूपरेखा तैयार हो सकती है।