1st Bihar Published by: First Bihar Updated Sat, 15 Jul 2023 09:49:39 PM IST
- फ़ोटो
NALANDA: नालंदा में एक विवाहिता की गले में फंदा लगाकर हत्या कर दी गयी। हत्या के बाद शव को पंखे से लटका दिया गया। घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के अजनौरा गांव की है। जहां इस घटना के बाद देवर और सास-ससुर फरार हो गये हैं। मृतका के मायकेवालों ने देवर और सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी है। परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस घटना के हरेक बिन्दुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मायके वाले बेटी के ससुराल पहुंचे जहां बेटी की लाश को देखकर उनके बीच कोहराम मच गया। मायके वाले चीख-चीख कर रोने लगे। रोने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग भी इकट्ठा हो गये। लोगों ने जब विवाहिता का शव देखा तो वे भी दंग रह गये। फिर ससुरालवालों की करतूत की चर्चा होनी शुरू हो गयी। घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज मामले की तफ्तीश शुरू की।
मृतका की पहचान अर्जुन रविदास की पत्नी आशा देवी के रूप में हुई है। मृतका के पिता अर्जुन रविदास ने बताया की उनकी बेटी आशा का पति दिल्ली में रहता है और कल ही आशा दिल्ली से लौटी थी। दिल्ली से लौटने के बाद वह अपनी सास और देवर से मिलने नूरसराय के अजनौरा गांव गई थी। आज उसे मायके आना था लेकिन आशा के देवर और सास ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को पंखे में लटका दिया। उसके शरीर पर भी कई जख्म के निशान मिले है। मृतका के परिजनों ने बताया कि आशा का ससुराल जहानाबाद जिले के ओखरी थाना क्षेत्र स्थित पहाड़पुर गांव में पड़ता है। नूरसराय के अजनौरी गांव में वह अपने देवर और सास से मिलने के लिए आई थी। फिलहाल पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने में जुटी है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रही है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
माधोपुर निवासी लड़की के दादा गोहन दास ने बताया कि गांव के लोगों ने इस घटना की जानकारी दी थी। पोती का लाश घर में रखा हुआ था लेकिन इस घटना की खबर मिलने के बाद भी मुखिया, वार्ड और सरपंच तक देखने नहीं आए। उन्होंने आशा के संझले देवर पर पीट-पीटकर मारने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि संपत्ति विवाद को लेकर उनकी पोती की हत्या की गयी है। घटना के बाद से सास-ससुर फरार हो गये हैं।