1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 16, 2024, 12:53:46 PM
- फ़ोटो
DELHI: देशभर में सीएए लागू होने के बाद इसका विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। विपक्ष के साथ साथ मुस्लिम संगठन इस कानून का विरोध कर रहे हैं। पिछले दिनों मुस्लिम संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट कोर्ट में याचिका दाखिल कर इसपर रोक लगाने की मांग की थी। अब एआईएमआईएम के चीफ ओवैसी ने भी सीएए के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है।
नागरिकता संशोधन अधिनियम के साथ ही ओवैसी ने सुप्रीम कोर्ट के सामने एनआरसी का मामला भी उठाया है। उन्होंने शीर्ष अदालत से अपील की है कि सीएए पर तुरंत रोक लगाई जाए। ओवैसी ने कोर्ट से कहा है कि सीएए के बाद देश में एनआरसी आने वाला है और ये दोनों का अपवित्र गठजोड़ है। उन्होंने आरोप लगाया है कि एनआरसी के जरिए भारतीय मुसलमानों को निशाना बनाए जाने की योजना है।
असदुद्दीन ओवैसी ने संशोधित कानून को संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया है और कहा है कि यह कानून 14, 25 और 21 का उल्लंघन करता है। ऐसे में जब तक इस मामले की सुनवाई होती है तब तक इस कानून के लागू होने पर रोक लगा देनी चाहिए। इससे पहले दो मुस्लिम संगठनों ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर सीएए पर रोक लगाने की मांग की थी और इस कानून को असंवैधानिक बताया था।