1st Bihar Published by: Updated May 08, 2020, 10:13:41 AM
- फ़ोटो
PATNA : पटना के शास्त्रीनगर थाना इलाके के राजाबाजार मछली गली में एक पत्नी ने कोरोना पॉजिटिव होने का आरोप लगाते हुए दुधमूंहे बच्चे के साथ पत्नी को घर से बाहर निकाल दिया. मामला दो दिन पहले का है. घर से निकाले जाने के बाद महिला अपने बच्चे के साथ दो दिनों से मुहल्ले में दर-दर की ठोकरें खा रही थी और लोगों से मांग कर खुद का और बच्चे का पेट भर रही थी.
गुरुवार को महिला को बच्चे के साथ भटकता देख किसी ने इसकी सूचना शास्त्रीनगर थाना को दी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उसके घर में प्रवेश कराया. इसके साथ ही घर के मालिक, पति व अन्य को जमकर फटकार लगाई.
बताया जाता है कि महिला का उसके पति के साथ पहले से ही विवाद चल रहा था. महिला ने बताया कि दो दिन पहले उस पर पति ने कोरोना वायरस से संक्रमित होने का आरोप लगाया था और बच्चे के साथ घर से निकाल दिया था.पति की इस करतूत में मकान में रहने वाले अन्य लोगों ने भी उसका सहयोग किया था. महिला का कहना है कि वह कहीं बाहर गई ही नहीं तो उसे कोरोना संक्रमण कैसे हो गया. पुलिस ने महिला और बच्चे को घर में प्रवेश करा दिया है और पति व अन्य लोगों को फिर से ऐसा नहीं करने की हिदायत दी गयी है.