1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 22, 2023, 12:44:41 PM
- फ़ोटो
PATNA: खबर राजधानी पटना से आ रही है, जहां बिहार के सबसे बड़े अस्पताल पीएमसीएच की छत से गिरकर एक मजदूर की दर्जनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई है। सोमवार की रात हुई इस घटना की जानकारी मंगलवार की सुबह लोगों को हुई।
मृतक मजदूर की पहचान सीतामढ़ी जिले के रहने वाले 27 वर्षीय मुकेश कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पीएमसीएच के नए विस्तारित भवन के निर्माण हो रहा था। सोमवार की रात निर्माण कार्य में लगा मुकेश अचानक पीएमसीएच की छत से नीचे जा गिरा।
छत से नीचे गिरने के बाद उसके शरीर में सरिया जा घुसा जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। निर्माण करा रही सीके कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर संजीव कुमार ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक मजदूर के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।