1st Bihar Published by: Updated Jan 21, 2021, 12:03:56 PM
- फ़ोटो
DESK : देश में एक तरफ अपराध रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं वहीं दूसरी तरफ अपराधी अब एक से बढ़कर एक तरीके अपना रहे हैं किसी भी घटना को अंजाम देने के लिए. ताजा मामला दिल्ली के कालाकाजी का है जहां एक चोर PPE किट पहनकर ज्वेलरी शॉप में चोरी करने पहुंच गया. हालांकि पुलिस ने आरोपी चोर मोहम्मद शेख नूर को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने आरोपी के पास से 25 किलो सोने के गहने बरामद किये हैं जिसकी कीमत 13 करोड़ रुपये बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार आरोपी मोहम्मद शेख नूर दूसरी इमारत की छत से घुसा था. शोरूम के आगे पीछे 5 हथियारबंद गार्ड तैनात थे, फिर भी किसी को भनक नहीं लगी. सोने के गहने की चोरी के बाद वह बैग को ऑटो से ले गया था. यह फ़िल्मी अंदाज़ में इस साल की सबसे बड़ी चोरी की घटना थी.
बता दें कि आरोपी मूलरूप से हुबली का रहने वाला है और कालकाजी में इलेक्ट्रीशियन के तौर पर काम करता है. पुलिस ने चोरी के इस मामले का 24 घंटे के अन्दर ही खुलासा कर लिया है. आसपास के लोगों का कहना था कि दुकान में सीसीटीवी कैमरों के साथ- साथ हथियारबंद गार्ड भी रहते हैं, लेकिन चोरों ने इतने शातिर तरीके से पूरी वारदात को अंजाम दिया कि किसी को कानों-कान खबर तक नहीं लगी.