1st Bihar Published by: Tahsin Updated Nov 23, 2019, 5:20:08 PM
- फ़ोटो
PURNEA : बिहार में महिलाओं के साथ बढ़ी आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. इस वक्त एक बड़ी खबर पूर्णिया से आ रही है. जहां एक महिला के साथ गैंगरेप की बड़ी वारदात सामने आई है. महिला दुकानदार की दुकान में घुसकर 15 बदमाशों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
वारदात जिले के अमौर थाना इलाके की है. जहां रौटा बाजार स्थित एक महिला दुकानदार के साथ गैंगरेप की बड़ी वारदात को बदमाशों ने अंजाम दिया. मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता के साथ बदमाशों ने मारपीट भी की. जख्मी महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीड़िता की छोटी बहन ने बताया कि दुलारगंज के तकरीबन 15 लोग उसकी बहन की दुकान पर आये. बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़ कर वहां हल्दी से भरा कई बोरा रख दिया. इसके बाद उसकी बहन के साथ मारपीट करते हुए उसे एक कमरे में ले गए और उसके साथ कुकर्म की वारदात को अंजाम दिया.
पीड़िता की बहन ने बताया कि इनमें से चार-पांच लोगों को वो पहचानती भी है. घटना के बाद उसकी बहन खून से लथपथ थी. उसके हाथ, गले,चेहरा एवं पेट के नीचे से खून बह रहा था. इस बड़ी वारदात को लेकर रौटा थानाध्यक्ष मंतोष कुमार ने बताया कि दुकान को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद है. घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से आवेदन दिया गया है, जिसकी प्राथमिकी दर्ज की गयी है. उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है.