1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 16, 2024, 8:16:36 AM
- फ़ोटो
ROHTASH : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इंडिया गठबंधन से अलग होने और सत्ता परिवर्तन के बाद बिहार में नए सियासी समीकरण बन रहे हैं। दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत बिहार में हैं। खबर है कि इस यात्रा में आज बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव भी शामिल होंगे। भले ही राजद और कांग्रेस के बीच बिहार में गठबंधन है। इसके बावजूद इंडिया गठबंधन के नजरिए से तेजस्वी का राहुल के साथ मंच साझा करने के कई मायने हैं।
दरअसल, यह पहली बार होगा जब राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा इंडिया ब्लॉक से नाता तोड़ने के बाद राजद नेता बिहार में गांधी के साथ मंच साझा करते नजर आएंगे। जानकारी के मुताबिक, तेजस्वी यादव कैमूर जिले में एक सार्वजनिक बैठक के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ मंच साझा करेंगे। राहुल गांधी कैमूर के दुर्गावती प्रखंड के धनेछा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के लिए निकल जाएंगे।
कांग्रेस की न्याय यात्रा बिहार में तब पहुंची जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इंडिया गठबंधन से अलग हो गए हैं। हालांकि, इसके बाद तेजस्वी यादव ने पलटवार करते हुए कहा था कि तानाशाह को बिहार में रोकने का काम अब आपका भतीजा करेगा, जो झंडा आपने उठाया था उसे अब तेजस्वी यादव लेकर चलेगा। ऐसे में माना जा रहा है कि तेजस्वी का राहुल के साथ मंच साझा करना आगामी चुनाव में नए रंग खिला सकता है।
उधर, बिहार के बाद आज शाम ही राहुल गांधी की न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। शुक्रवार शाम को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करते ही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होंगी। वह उत्तर प्रदेश के चंदौली में अपने भाई के साथ शामिल होंगी। बता दें, पूर्व-पश्चिम मणिपुर-मुंबई यात्रा 15 राज्यों से होकर 6,700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।