1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 22, 2023, 2:09:17 PM
- फ़ोटो
SAMASTIPUR: चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने बिहार में बढ़ती आपराधिक वारदातों को लेकर नीतीश तेजस्वी की सरकार पर एक बार फिर से जोरदार हमला बोला है। प्रशांत किशोर ने बिहार में अपराध के लिए आरजेडी को जिम्मेवार बताया है और कहा कि देशभर में अगर किसी पार्टी में सबसे अधिक अपराधी हैं तो वह आरजेडी में हैं। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव कहते हैं कि उनको क्राइम और क्रिमिनल से लगाव नहीं है लेकिन लोग अच्छी तरह से जानते हैं कि बिहार में राज्य स्तर पर बालू माफिया कौन है?
दरअसल, प्रशांत किशोर के जन सुराज यात्रा का कारवां आजकल समस्तीपुर में है। समस्तीपुर में पदयात्रा के दौरान प्रशांत किशोर ने आरजेडी और तेजस्वी यादव पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने बिहार में ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था पर कहा कि आज सभी लोग जानते हैं कि राज्य स्तर पर बालू माफिया कौन है? बिहार में एक दल के लोग हैं जो बालू माफिया का काम कर रहे हैं। पूरे राज्य को इन्होंने बालू के अवैध खनन का केंद्र बना दिया है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव कहते हैं कि उन्हें क्रिमिनल और क्राइम से लगाव नहीं है। इसका मतलब तो यही हुआ न कि बाघ ये कहे कि उसे मांस से लगाव नहीं है।
प्रशांत किशोर ने कहा कि आज इस देश में RJD से ज्यादा क्रिमिनल और क्राइम करने वाले लोग किसी और पार्टी में नहीं हैं। तेजस्वी को न इंग्लिश आती है और ना ही ठीक से भोजपुरी बोलनी आती है। उन्होंने जीवन में कुछ पढ़ा नहीं है और किसी भी विषय का कोई ज्ञान नहीं है। जब जनता तेजस्वी से रोजगार के बारे में पूछती है तो वो कहते हैं कि भाजपा को रोको और यह बोलकर वह लोगों को मुर्ख बनाते हैं। जब कहा जाता है कि बिहार में शराब माफिया और बालू माफिया बहुत ज्यादा हो गए हैं, तो तेजस्वी कहते हैं कि जातीय जनगणना करवा रहे हैं। काम करते नहीं है बस नए नए मुद्दों पर अपनी बात रख कर बहानेबाजी करते रहते हैं।