1st Bihar Published by: First Bihar Updated Aug 15, 2023, 4:44:22 PM
- फ़ोटो
PATNA: समस्तीपुर में पशु तस्करों द्वारा दारोगा की हत्या किए जाने के मामले को लेकर बिहार की सियासत शुरू हो गई है। बीजेपी ने महागठबंधन की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में नीतीश कुमार ने गुंडाराज को स्थापित कर दिया है, यही वजह है कि पुलिस अपराधियों को नहीं मार रही बल्कि अपराधी ही पुलिस कर्मियों की जान ले रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने कहा है कि समस्तीपुर में जिस तरह से बदमाशों ने पुलिस वाले की हत्या की यह अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार तो बीमार हैं ही, उनकी पार्टी भी बीमार हो गई है और अब बिहार को भी बीमार कर रहे हैं। बिहार में अपराधी, शराब माफिया, बालू माफिया और जमीन माफिया खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस वाले को अपना निशाना बना रहे हैं। बिहार में सुशासन खत्म हो चुका है। नीतीश कुमार लोकतंत्र की हत्या करा रहे हैं, उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
नीतीश कुमार ने बिहार में गुंडों का राज स्थापित कर दिया है और पुलिस वाले अपराधियों को नहीं मार रहे बल्कि अपराधी ही पुलिस वालों की जान ले रहे हैं। बता दें कि दलसिंहसराय थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करी की सूचना पर मोहनपुर ओपी के दारोगा नंद किशोर यादव रेड करने पहुंचे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी थी। गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।