1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Apr 02, 2026, 1:48:18 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जल्द ही राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। इसके साथ ही यह तय हो गया है कि अब वह मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने जा रहे हैं। नीतीश कुमार के बाद बिहार का अगला सीएम कौन होगा इसको लेकर एनडीए के भीतर नए मुख्यमंत्री की तलाश जारी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सीएम की कुर्सी छोड़कर राज्यसभा जाने का फैसला लिया है। पिछले दिनों हुए राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद अब नीतीश कुमार आगामी 10 अप्रैल को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेने जा रहे हैं। ऐसे में अब मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए नए चेहरे की तलाश तेज हो गई है।
मुख्यमंत्री की इस रेस में कई नाम सामने आ रहे हैं। सियासी गलियारे में इस बात की चर्चा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से बनाया जा सकता है। सीएम की रेस में निशांत कुमार और सम्राट चौधरी से लेकर कई बड़े नामों की चर्चा हो रही है हालांकि फिलहाल इसपर कोई फैसला नहीं हो सका है। बिहार का अगला सीएम कौन होगा? फिलहाल इसपर संशय की स्थिति है।
सियासी गहमागहमी के बीच अपने करीबी विवेका पहलवान के घर पहुंचे मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने सीएम फेस को लेकर बड़ा बयान दिया है। जब मीडियाकर्मियों ने उनसे सवाल किया कि नए मुख्यमंत्री की रेस में जेडीयू सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह का नाम भी सामने आ रहा है?
इस सवाल का जबाव देते हुए मोकामा विधायक ने कहा कि ई सब बात हम जानबे नहीं करते हैं.. हम तो कह रहे हैं कि हमरा पार्टी से बनेगा तो नीतीश कुमार का बेटा निशांत बनेगा और अगर भाजपा से बने तो सम्राट चौधरी सीएम बनेंगे।