1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 08, 2026, 12:14:41 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Politics: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रविवार दोपहर 1 बजे जनता दल (यू) की सदस्यता ग्रहण करेंगे। उनके पार्टी में शामिल होने को लेकर जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। पटना स्थित जेडीयू कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुट गई है।
कार्यालय के बाहर निशांत कुमार के पोस्टर लगाए गए हैं और कार्यकर्ता गुलाब के गुलदस्ते लेकर उनके स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। जश्न के माहौल को देखते हुए हाथी, घोड़े और ऊंट भी लाए गए हैं। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और निशांत कुमार के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते नजर आए।
इस मौके पर जेडीयू एमएलसी संजय गांधी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता लंबे समय से निशांत कुमार के जेडीयू में शामिल होने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार सरल, सीधे और धैर्य के साथ काम करने वाले व्यक्ति हैं और उनमें नेतृत्व के सभी गुण मौजूद हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि निशांत अपने पिता नीतीश कुमार की छवि हैं। जेडीयू में शामिल होने के बाद निशांत कुमार बिहार के दौरे पर भी निकलेंगे। जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि निशांत कुमार पूरे बिहार का भ्रमण करेंगे और लोगों से संवाद भी करेंगे।
इससे पहले निशांत कुमार ने पार्टी के विधायकों के साथ बैठक की थी। पार्टी संगठन स्तर पर भी उनकी सक्रियता को लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। जिलाध्यक्षों का परिचय भी उनसे कराया गया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि निशांत कुमार की एंट्री से जेडीयू को नई ऊर्जा मिलेगी और आने वाले दिनों में उनके कार्यक्रम और दौरे तय किए जाएंगे।