1st Bihar Published by: HARERAM DAS Updated Thu, 18 Dec 2025 10:20:49 PM IST
पुलिस की कार्रवाई - फ़ोटो social media
BEGUSARAI: बेगूसराय जिले की पुलिस को नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे अंतर जिला तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसका नेटवर्क न केवल बिहार के कई जिलों तक फैला था, बल्कि पश्चिम बंगाल के अंतरराज्यीय गिरोह से भी इसकी सांठगांठ थी। बताया जा रहा है कि गिरोह बंगाल के ऐसे तस्कर समूह के साथ काम करता था, जो बांग्लादेश बॉर्डर के समीप सक्रिय रहता है और बड़ी मात्रा में स्मैक की आपूर्ति करता है।
डीएसपी सदर वन आनंद कुमार पांडे ने बताया कि मामले की जांच के दौरान अब तक छह लोगों की संलिप्तता सामने आई है। ये सभी लंबे समय से करीब-करीब संगठित तरीके से स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे थे और इसके लिए अलग-अलग जिलों में नेटवर्क तैयार कर रखा था। पुलिस पिछले कई दिनों से सूचना संग्रह कर रही थी और तस्करों की गतिविधियों पर गुप्त निगरानी रखी जा रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रतनपुर थाना क्षेत्र के गणेश दत्त नगर स्थित वार्ड 20 में छापेमारी की और शिवम कुमार उर्फ शिवम सिंह को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 340 ग्राम उच्च गुणवत्ता का स्मैक बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पौन तीन करोड़ रुपए की रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार शिवम जिले का सक्रिय तस्कर है और कई बार पहले भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल रहा है।
शिवम से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र के भारद्वाज नगर वार्ड 41 में दूसरी छापेमारी की। यहां से एक और अपराधी कुमार आर्यन उर्फ कार्तिक को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस ने उसके घर से20 लाख 47 हजार रुपये नकद,कई सोने के आभूषण तथा महंगे मोबाइल फोन जप्त किए। पुलिस का मानना है कि यह राशि स्मैक की बिक्री से इकट्ठी की गई थी।
डीएसपी ने बताया कि दोनों अपराधियों का अपराधिक इतिहास रहा है और ये लंबे समय से नशे के धंधे में सक्रिय थे। पुलिस अब उनके नेटवर्क का विस्तार खंगाल रही है। जिला स्तर पर भी कई संदिग्ध व्यक्तियों की सूची तैयार की गई है और अगले चरण में उन पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह के पकड़ में आने से जिले में नशे की तस्करी पर बड़ा प्रहार हुआ है। प्रशासन इसे महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देख रहा है और पूरे नशा नेटवर्क को ध्वस्त करने हेतु अभियान तेज कर दिया गया है।