1st Bihar Published by: Dhiraj Kumar Singh Updated Nov 13, 2025, 9:56:15 PM
पुलिस लाइन में बड़ा हादसा - फ़ोटो REPORTER
JAMUI: जमुई जिले के बरहट प्रखंड स्थित मलयपुर पुलिस लाइन में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पानी की टंकी गिरने से दो सीआरपीएफ जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद दोनों को इलाज के लिए पहले सदर अस्पताल जमुई लाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है। घायल जवानों की पहचान मनीष कुमार (33) और कामेश्वर प्रसाद (55) के रूप में हुई है। दोनों मलयपुर पुलिस लाइन में ही तैनात हैं।
घायल जवानों के साथियों ने बताया कि पुलिस लाइन में पानी की सप्लाई में दिक्कत आ रही थी। समस्या को ठीक करने के लिए दोनों जवान सीमेंट की बनी पानी की टंकी पर चढ़े थे। इसी दौरान टंकी फट गई और उसकी दीवार ढहकर दोनों जवानों पर गिर पड़ी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को मलबे से बाहर निकाला। वर्तमान में दोनों जवानों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।