1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 13, 2026, 6:43:34 PM
बड़ा हादसा टला - फ़ोटो सोशल मीडिया
BETTIAH: पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया में उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब चलती कार में अचानक आग लग गयी। इस हादसे में दो लोग झुलस गये। स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ी घटना टल गयी।
बेतिया के मझौलिया प्रखंड क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जब NH-727 पर चलती कार में अचानक आग लग गई। घटना नानोसती और पिपरा चौक के बीच बेतिया–मोतिहारी मुख्य मार्ग पर हुई, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार कार बेतिया से मोतिहारी की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक जब तक स्थिति को समझ पाता, तब तक कार में तेज लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में कार सवार दो लोग झुलस गए।
घटना के समय आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए तुरंत कार का दरवाजा खोला और दोनों घायलों को बाहर निकाला। उनकी सूझबूझ से बड़ी दुर्घटना टल गई। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है। घटना के कारण कुछ समय तक एनएच-727 पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।