मिडिल ईस्ट में तनाव का असर: इंडिगो ने बढ़ाया फ्लाइट का किराया, नई दरें रात 12 बजे से लागू

IndiGo flight ticket: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच इंडिगो ने 14 मार्च से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज लागू किया है. टिकट की कीमतों में 425 रुपये से 2300 रुपये तक बढ़ोतरी होगी.

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 13, 2026, 8:45:27 PM

IndiGo flight ticket

प्रतिकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google

IndiGo flight ticket: मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष का असर अब हवाई यात्रा पर भी पड़ने लगा है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने फ्लाइट टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनी ने बताया कि एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) के दाम में 85 प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी के कारण यह फैसला लिया गया है।


इंडिगो के अनुसार 14 मार्च 2026 से सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज लागू किया जाएगा। यह नया शुल्क रात 12 बजकर 1 मिनट से प्रभावी होगा और सभी नई बुकिंग पर लागू रहेगा। इस बदलाव के बाद फ्लाइट टिकट की कीमतों में 425 रुपये से लेकर 2300 रुपये तक की बढ़ोतरी होगी।


नई व्यवस्था के तहत भारत के भीतर की उड़ानों पर यात्रियों को 425 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं भारतीय उपमहाद्वीप के देशों बांग्लादेश, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और मालदीव के लिए भी 425 रुपये का फ्यूल चार्ज लिया जाएगा।


इसके अलावा मिडिल ईस्ट की उड़ानों के लिए 900 रुपये, दक्षिण-पूर्व एशिया, चीन, अफ्रीका और पश्चिम एशिया की यात्रा के लिए 1800 रुपये, जबकि यूरोप जाने वाली उड़ानों पर 2300 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा।


इंडिगो ने कहा कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण ATF की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिसकी पुष्टि IATA के जेट फ्यूल मॉनिटर से भी हुई है। एयरलाइन के अनुसार ATF उसके संचालन की सबसे बड़ी लागत है और अचानक बढ़ी कीमतों का असर पूरे नेटवर्क पर पड़ रहा है।


बता दें कि इससे पहले एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज लागू करने की घोषणा कर चुकी हैं। इंडिगो ने कहा कि बढ़ती ईंधन कीमतों के प्रभाव को संतुलित करने के लिए किराए में यह बदलाव जरूरी था और यात्रियों पर बोझ कम रखने की कोशिश की गई है।