Bihar Samriddhi Yatra : 5 साल में बिहारियों का पलायन रुकेगा: समृद्धि यात्रा में सीएम नीतीश; आज अररिया-किशनगंज दौरा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में सुपौल और मधेपुरा में 569 करोड़ की 129 योजनाओं का उद्घाटन किया। अगले पांच साल में बिहारवासियों का पलायन रोकने के लिए राज्य में उद्योग-धंधे स्थापित किए जाएंगे। अररिया और किशनगंज में भी मुख्यमंत

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 11, 2026, 7:28:43 AM

Bihar Samriddhi Yatra : 5 साल में बिहारियों का पलायन रुकेगा: समृद्धि यात्रा में सीएम नीतीश; आज अररिया-किशनगंज दौरा

- फ़ोटो

Bihar Samriddhi Yatra : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि अगले पांच वर्षों में किसी भी बिहारी को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्य नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर योजना तैयार की है, जिसमें बिहार के अंदर ही उद्योग-धंधों की स्थापना कर युवाओं को रोजगार प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह बात समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत करते हुए सुपौल और मधेपुरा में जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कही।


मुख्यमंत्री ने अपने दौरे की शुरुआत सुपौल जिले के निर्मली प्रखंड स्थित निर्मली रिंग बांध के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण कर की। इसके बाद वे निर्मली अनुमंडल कार्यालय के सामने लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन करने पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 569 करोड़ रुपये की लागत से 129 विकास योजनाओं का उद्घाटन और 84 योजनाओं का शिलान्यास किया।


सुपौल के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर द्वारा मधेपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस लाइन के प्रशासनिक और आवासीय भवनों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने 215.52 करोड़ रुपये की लागत से 158 विकास योजनाओं का लोकार्पण किया। मधेपुरा में कृषि, शिक्षा, जीविका और अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया। इसके पश्चात वे सड़क मार्ग से बीएनएमयू नॉर्थ कैंपस मैदान में बने संवाद स्थल पर पहुंचे और वहां सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने पिछले 20 वर्षों में "सात निश्चय एक" और "सात निश्चय पार्ट दो" के तहत किए गए विकास कार्यों का ब्योरा दिया।


समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री बुधवार को अररिया और किशनगंज के दौरे पर होंगे। सुबह 10.45 बजे वे अररिया पहुंचेंगे और 545.89 करोड़ रुपये की लागत से 68 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा 330.60 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा, जिसमें तीन योजनाएं पथ निर्माण विभाग की हैं। साथ ही 157.16 करोड़ की लागत से 60 अन्य योजनाओं का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।


दोपहर करीब एक बजे मुख्यमंत्री किशनगंज के ठाकुरगंज पहुंचेगे, जहां वे कृषि फार्म में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और विकासात्मक तथा कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे। किशनगंज में मुख्यमंत्री 133 करोड़ रुपये की लागत से 73 योजनाओं का शिलान्यास और 102 करोड़ रुपये की लागत से 49 योजनाओं का लोकार्पण करेंगे।


मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता को भरोसा दिलाया कि बिहार में रोजगार और उद्योग के अवसर बढ़ाने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। उनका यह दौरा राज्य के विकास को गति देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खोलेगा।


इस समृद्धि यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री यह संदेश दे रहे हैं कि बिहार में विकास योजनाओं और परियोजनाओं की निरंतर प्रगति के साथ राज्यवासियों को उनके अपने प्रदेश में ही बेहतर जीवन यापन के अवसर मिलेंगे, जिससे पलायन रोकने में मदद मिलेगी।