1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jul 01, 2025, 3:05:51 PM
प्रतिकात्मक - फ़ोटो google
Bihar Election 2025: बिहार में वोटर लिस्ट पुनरीक्षण को लेकर छिड़े विवाद के बीच चुनाव आयोग ने वर्ष 2003 की विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी मतदाता सूची को आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर सार्वजनिक कर दिया है।
चुनाव आयोग की इस पहल से करीब 4.96 करोड़ मतदाताओं को दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे बिहार में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में काफी सहूलियत मिलेगी। चुनाव आयोग द्वारा 24 जून 2025 को जारी निर्देश के अनुसार, अब यदि किसी मतदाता के पिता या माता का नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज है, तो उस व्यक्ति को वेरिफिकेशन के लिए कोई दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी।
आयोग के निर्देश के अनुसार, सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारी, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि यह सूची बीएलओ को हार्ड कॉपी में उपलब्ध हो और वेबसाइट पर भी सार्वजनिक रूप से मौजूद रहे, ताकि कोई भी मतदाता इसे गणना प्रपत्र के साथ दस्तावेज प्रमाण के रूप में प्रस्तुत कर सके।
इस नई व्यवस्था के तहत, जिन मतदाताओं के नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज हैं, उन्हें अब सिर्फ सूची से विवरण सत्यापित कर गणना फॉर्म भरकर जमा करना होगा। इससे मतदाताओं और बीएलओ दोनों को प्रक्रिया में सरलता और पारदर्शिता मिलेगी।