1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 23, 2026, 9:15:26 AM
- फ़ोटो File
JP Ganga Path: पटना में JP गंगा पथ का विस्तार कार्य शुरू हो गया है। दीघा से कोईलवर तक 36 किमी लंबी फोरलेन सड़क बनेगी, जिससे अब डेढ़ घंटे का सफर सिर्फ 30 मिनट में तय किया जा सकेगा। इस परियोजना का निर्माण हैदराबाद की कंपनी विश्व समुद्रा कर रही है।
32 किमी तक सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। पथ निर्माण विभाग के अनुसार, यह सड़क 18 किमी एलिवेटेड और शेष 18 किमी मिट्टी के बांध पर एटग्रेड होगी। इस परियोजना की कुल लागत 65 सौ करोड़ रुपए है। हाइब्रिड एनवीटी मॉडल के अनुसार निर्माण होगा, जो इसे अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बिहार की पहली सड़क परियोजना बनाता है।
JP गंगा पथ दीघा जेपी सेतु से शुरू होकर शेरपुर-बिहटा मार्ग के जरिए कोईलवर के नए पुल से जुड़ेगा। यह शेरपुर-दिघवारा छह लेन पुल से कनेक्ट होकर सारण और वैशाली की कनेक्टिविटी को आसान बनाएगा। इसके निर्माण से पटना शहर के अंदर जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी। दानापुर और शाहपुर से सड़क जुड़ने के बाद बक्सर-आरा जाने वालों के लिए भी यह एक सुगम मार्ग बन जाएगा।
वर्तमान में लोग पटना से कोईलवर दानापुर पुराना एनएच, मनेर या खगौल-दानापुर रोड के जरिए बिहटा होते हुए जाते हैं, जिन मार्गों पर जाम की समस्या आम है। इस नई सड़क के बनने से लोग सीधे दीघा से कोईलवर बिना किसी जाम के केवल 30 मिनट में पहुंच पाएंगे। हाइब्रिड एनवीटी मॉडल पर इस परियोजना को चार साल में पूरा करने का लक्ष्य है।