Hindi News / bihar / patna-news / जदयू प्रदेश सचिव साकेत कुमार सिंह ने राज्यपाल से की मुलाकात, अरेराज के...

जदयू प्रदेश सचिव साकेत कुमार सिंह ने राज्यपाल से की मुलाकात, अरेराज के महंत शिव शंकर गिरी महाविद्यालय में बी.एड और पीजी की पढ़ाई शुरू कराने की मांग

जदयू प्रदेश सचिव साकेत कुमार सिंह ने राज्यपाल से अरेराज के महंत शिव शंकर गिरी महाविद्यालय में B.Ed और स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू करने की मांग की है। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में उच्च शिक्षा की जरूरतों को उठाया।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 19, 2025, 7:16:43 PM

Bihar

राज्यपाल से मुलाकात - फ़ोटो SOCIAL MEDIA

PATNA: जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश सचिव साकेत कुमार सिंह ने शुक्रवार को बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज प्रखंड स्थित महंत शिव शंकर गिरी महाविद्यालय में बी.एड (शिक्षा शास्त्र) और स्नातकोत्तर (पीजी) की पढ़ाई शुरू कराने की मांग की।


इस संबंध में राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में साकेत कुमार सिंह ने कहा कि अरेराज एक ऐतिहासिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, लेकिन यहां उच्च शिक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं है। बी.एड और पीजी की पढ़ाई के लिए छात्रों को दूरदराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।


उन्होंने बताया कि महंत शिव शंकर गिरी महाविद्यालय में पर्याप्त आधारभूत संरचना और संसाधन उपलब्ध हैं। ऐसे में अगर यहां बी.एड और पीजी की पढ़ाई शुरू होती है तो यह पूरे इलाके के छात्रों के लिए वरदान साबित होगा।राज्यपाल ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया।