Bihar News: NH पर प्लाई लदे ट्रक में लगी भीषण आग, लाखों की संपत्ति का नुकसान; बाल-बाल बचा ड्राइवर

Bihar News: बिहार के किशनगंज में NH-27 पर प्लाई से लदे ट्रक में अचानक आग लग गई, ट्रक जलकर खाक हो गया। चालक और सभी यात्री बाल-बाल बच गए, आग बुझाने में दमकल टीम जुटी रही।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Wed, 04 Feb 2026 02:54:59 PM IST

Bihar News

धूं-धूं कर जला ट्रक - फ़ोटो Reporter

Bihar News: बिहार के किशनगंज शहर के बस स्टैंड के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्लाई से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ट्रक में सवार सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।


जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या WB-73-D-4023 पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर से प्लाई लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। ट्रक में चालक सहित कुल छह लोग सवार थे। जैसे ही ट्रक किशनगंज बस स्टैंड के पास पहुंचा, उसके पिछले हिस्से से अचानक घना धुआं उठने लगा। कुछ ही पलों में धुआं आग की लपटों में तब्दील हो गया और देखते-देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई।


आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क किनारे रोका और सभी सवार नीचे उतर गए। स्थानीय लोगों और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। आसपास मौजूद लोगों ने बाल्टी और अन्य साधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन ट्रक में लदी प्लाई और तेज लपटों के कारण प्रयास सफल नहीं हो सका।


घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को सूचित किया गया। लगभग आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।


आग की वजह से एनएच-27 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। आग बुझने और जले हुए ट्रक को हटाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट- नौशाद आलम, किशनगंज