Hindi News / bihar / patna-news / Patna News: पटना जंक्शन पर नई सुविधा की शुरुआत, अब लाइन में लगने...

Patna News: पटना जंक्शन पर नई सुविधा की शुरुआत, अब लाइन में लगने का झंझट हुआ खत्म; करना होगा सिर्फ यह काम

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Feb 26, 2025, 6:46:56 PM

Bihar News

पटना जंक्शन पर नई सुविधा - फ़ोटो google

Patna News: बिहार की राजधानी पटना में रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मोबाइल यूटीएस टिकट प्रणाली शुरू की है। इस नई सेवा के तहत यात्री अब स्टेशन परिसर में घूमते-फिरते टीटीई से ऑन-द-स्पॉट टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इससे टिकट काउंटर पर लंबी कतारों से छुटकारा मिलेगा और यात्रियों को अधिक सहूलियत होगी।


दरअसल, महाकुंभ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह अनूठी पहल की है। अब टिकट काउंटर पर लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यात्री प्लेटफॉर्म पर घूमते हुए भी टीटीई से संपर्क कर टिकट खरीद सकते हैं। इस नई प्रणाली के तहत टीटीई के पास एक खास मशीन उपलब्ध करवाई गई है, जिसमें यात्रियों की यात्रा से जुड़ी जानकारी जैसे ट्रेन का नाम, गंतव्य स्थान और यात्रा की श्रेणी दर्ज की जाती है। 


इसके बाद मशीन से तुरंत टिकट प्रिंट होकर निकल जाता है, जिसे यात्री ऑन-द-स्पॉट प्राप्त कर सकते हैं। पटना जंक्शन पर इस सेवा की शुरुआत से यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है। खासकर उन यात्रियों के लिए यह सुविधा फायदेमंद साबित हो रही है, जो अंतिम समय में स्टेशन पहुंचते हैं और टिकट काउंटर तक नहीं जा पाते।


रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस सेवा से स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रित होगी और समय की बचत होगी। इससे खासतौर पर दैनिक यात्रियों, वरिष्ठ नागरिकों और आकस्मिक यात्रियों को फायदा होगा। इस नई सेवा के तहत कई यात्रियों को चलते-फिरते टिकट प्रदान किए। कई यात्रियों ने रेलवे प्रशासन को धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सुविधा बेहद उपयोगी है और इससे यात्रा का अनुभव और भी सहज हो गया है।