1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 16, 2026, 12:53:39 PM
- फ़ोटो
Bihar Road Accident : बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी अनुमंडल से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां तेज रफ्तार और बेलगाम ट्रैक्टर ने दो मासूम सगे भाइयों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसा भगवानगंज थाना क्षेत्र के खैनिया गांव में हुआ, जहां ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे दो बच्चों को ईंट लदे ट्रैक्टर ने अपनी चपेट में ले लिया।
ट्यूशन से लौटते समय हुआ हादसा
मृत बच्चों की पहचान खैनिया गांव निवासी मोहम्मद जुबैद के पुत्र मो. अरशद आलम (10 वर्ष) और अनश आलम (8 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई रोज की तरह ट्यूशन पढ़ने गए थे और पढ़ाई खत्म होने के बाद पैदल ही घर लौट रहे थे। दोनों सड़क किनारे से चल रहे थे, तभी अचानक तेज रफ्तार से आ रहे ईंट लदे ट्रैक्टर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार काफी तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे ट्रैक्टर के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इलाज के दौरान दूसरे बच्चे ने तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को बचाने की कोशिश करने लगे। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों के पिता मोहम्मद जुबैद और मां साजिया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि उनके यही दो बेटे थे, जिनसे पूरे घर की खुशियां जुड़ी हुई थीं। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हादसे के बाद ग्रामीणों का हंगामा
घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने ईंट से लदे ट्रैक्टर को बीच सड़क पर रोक दिया और प्रदर्शन करने लगे। लोगों की मांग थी कि दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मृत बच्चों के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
सूचना मिलने पर भगवानगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आक्रोश देखकर माहौल और तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि कुछ पुलिसकर्मी मौके पर मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगे, जिससे ग्रामीण और भड़क गए। इसके बाद लोगों ने ट्रैक्टर से ईंट निकालकर पुलिस की ओर फेंकना शुरू कर दिया, जिसके कारण पुलिस को कुछ देर के लिए पीछे हटना पड़ा।
अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया
स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने आसपास के कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया। कुछ ही देर में भारी पुलिस बल वहां पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) कोमल मीणा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से बातचीत कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। इसके अलावा देवरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।
चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस के अनुसार हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे के बाद खैनिया गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों की मांग है कि मृत बच्चों के परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि दुख की इस घड़ी में परिवार को कुछ सहारा मिल सके।