Hindi News / india / विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल में EC का बड़ा एक्शन, मुख्य सचिव से...

विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल में EC का बड़ा एक्शन, मुख्य सचिव से लेकर DGP तक को हटाया; ममता बनर्जी को बड़ा झटका

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए डीजीपी और कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया है। आयोग ने निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया है।

1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Mar 16, 2026, 1:14:40 PM

West Bengal Assembly Election

चुनाव आयोग का एक्शन - फ़ोटो Google

West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होते ही निर्वाचन आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले कई वरिष्ठ अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है।


निर्वाचन आयोग के आदेश के अनुसार, सिद्ध नाथ गुप्ता (IPS 1992) को पश्चिम बंगाल का नया कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (DGP) और आईजीपी नियुक्त किया गया है। वहीं अजय कुमार नंद (IPS 1996) को कोलकाता पुलिस का नया कमिश्नर बनाया गया है। इसके अलावा अजय मुकुंद रानाडे को एडीजी (कानून-व्यवस्था) और नटराजन रमेश बाबू को डीजी (सुधारात्मक सेवा) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


आयोग ने केवल पुलिस विभाग ही नहीं, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी बड़ा बदलाव किया है। राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पद से हटाकर दुष्यंत नारियाला को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही संघमित्रा घोष को पर्वतीय मामलों का प्रधान सचिव बनाया गया है।


निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव संपन्न होने तक किसी भी तरह की चुनावी ड्यूटी में नहीं लगाया जाएगा। चुनाव से पहले किए गए इन बदलावों को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


बता दें है कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होगा, जिसमें उत्तर बंगाल, जंगलमहल और पूर्वी मिदनापुर जैसे इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ माना जाता है और यहां सुवेंदु अधिकारी का प्रभाव भी अहम माना जाता है।


दूसरे चरण के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा, जहां भाजपा अपेक्षाकृत कमजोर मानी जाती है। ऐसे में पार्टी के शीर्ष नेता और संगठन इन इलाकों में जोरदार प्रचार अभियान चलाने की तैयारी कर रहे हैं। विधानसभा चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।