1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Sep 19, 2025, 1:37:53 PM
- फ़ोटो Reporter
Purnea News: पूर्णिया में बिजली की किल्लत से परेशान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। एक ओर राज्य सरकार 22 घंटे बिजली आपूर्ति और 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर रही है, वहीं दूसरी ओर बी कोठी प्रखंड के लाखों उपभोक्ता बिजली विभाग की लापरवाही से त्रस्त हैं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि उपभोक्ताओं का गुस्सा आंदोलन में बदल गया।
शुक्रवार को आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बी कोठी बाजार को बंद कर प्रखंड कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश होते ही प्रखंड के अधिकांश इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। पिछले 19 दिनों से तो हालात और भी बदतर हो गए हैं। आपूर्ति लगभग पूरी तरह ठप है और विभागीय अधिकारी मूकदर्शक बने बैठे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि अधिकारियों से न तो संतोषजनक जवाब मिल रहा है और न ही समस्या का समाधान। इसी लापरवाही के विरोध में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और वे आंदोलन पर उतर आए। धरना स्थल पर मौजूद उपभोक्ताओं ने कहा कि जब तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग शीघ्र कार्रवाई नहीं करता तो और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सफाई दी कि बारिश और वज्रपात के कारण बार-बार इंसुलेटर खराब हो रहे हैं। इसी वजह से आपूर्ति बहाल करने में दिक्कत आ रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रयास जारी हैं।