1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 21, 2026, 11:35:02 AM
- फ़ोटो
Bihar News : बिहार के सहरसा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सलखुआ थाना क्षेत्र के गौरदह पंचायत अंतर्गत ओरेली भलेवा वार्ड संख्या 7 में देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय विवाहिता रौशनी कुमारी की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं मृतका के परिवार में कोहराम मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह वारदात रात करीब एक बजे की है। रौशनी कुमारी अपने पति बिहारी के साथ घर में सो रही थीं। तभी अचानक कई बदमाशों ने घर को चारों ओर से घेर लिया और अंदर घुसकर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों की संख्या दर्जनों में थी, जिससे यह हमला सुनियोजित प्रतीत होता है।
मृतका के पति बिहारी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें अचानक कुछ हलचल महसूस हुई। नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि कई लोग उनके घर की ओर बढ़ रहे हैं। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने शोर मचाया और किसी तरह छत के रास्ते भागकर अपनी जान बचाई। लेकिन उनकी पत्नी रौशनी कुमारी घर के अंदर ही रह गईं और बदमाशों ने उन्हें निशाना बना लिया।
हमलावरों ने रौशनी कुमारी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किया, जिसमें सबसे घातक वार उनके गले पर किया गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश बाहर निकलते हुए फायरिंग करते हुए फरार हो गए, जिससे इलाके में और भी दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद के बाद दोनों पक्षों की ओर से सलखुआ थाना में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। उस मामले के आरोपी अब तक फरार चल रहे थे और आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में इस हत्या को अंजाम दिया गया है।
इस संबंध में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश और जमीन विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रौशनी कुमारी की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं—पांच वर्षीय बेटी कोमल कुमारी और तीन वर्षीय बेटा गोलू कुमार। घटना के समय दोनों बच्चे अपने ननिहाल में थे, जिससे वे इस भयावह घटना से बच गए। लेकिन अब इन मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, जिससे पूरे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।
इस हृदयविदारक घटना ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है। लोग प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की टीम मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है और यह उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सभी आरोपी कानून के शिकंजे में होंगे।