1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 30, 2025, 10:20:11 AM
प्रतीकात्मक - फ़ोटो Google
Bihar News: दीपावली और छठ महापर्व खत्म होते ही अब बिहार के लाखों लोग अपने कार्यस्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए नई स्पेशल ट्रेन की घोषणा की है। छपरा जंक्शन से कोलकाता के बीच चलने वाली यह पूजा स्पेशल ट्रेन उन लोगों के लिए वरदान साबित होगी जो बंगाल की राजधानी में नौकरी या व्यापार के सिलसिले में जाते हैं।
यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित होगी, जिसमें यात्रियों को सीट के लिए लाइन लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रेन नंबर 05088 छपरा-कोलकाता पूजा स्पेशल 30 अक्टूबर गुरुवार दोपहर 2:05 बजे छपरा से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी। रास्ते में यह हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, किउल, झाझा, आसनसोल, दुर्गापुर, वर्धमान, बंदेल और नैहाटी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 05087 कोलकाता-छपरा पूजा स्पेशल 31 अक्टूबर को शुक्रवार सुबह 9:00 बजे कोलकाता से चलेगी और अगले दिन सुबह 1:30 बजे छपरा पहुंच जाएगी।
इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 18 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं। इससे हजारों यात्री एक साथ सफर कर सकेंगे वो भी बिना किसी आरक्षण की झंझट के। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था विशेष रूप से उन मजदूरों और छोटे व्यापारियों के लिए की गई है जो कोलकाता के बाजारों में काम करते हैं। त्योहारों के दौरान रेलवे ने पहले भी सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं, और अब वापसी के सफर को सुगम बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है।