1st Bihar Published by: First Bihar Updated Oct 22, 2025, 3:58:25 PM
छपरा में खेसारी का रोड शो - फ़ोटो सोशल मीडिया
CHAPRA: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और सिंगर खेसारी लाल यादव और उनकी पत्नी चंदा देवी ने आज बुधवार को छपरा विधानसभा क्षेत्र के प्रभुनाथ नगर में भव्य रोड शो किया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़े और अपने चहेते कलाकार को देखने के लिए उत्साहित नजर आए। लेकिन देखना यह होगा कि यह भीड़ वोट मे कितना परिवर्तित होता है।
रोड शो के दौरान खेसारी लाल यादव ने वहां की जनता को संबोधित करते हुए कहा, मैं छपरा का बेटा हूँ। मुझे आप लोगों से कुछ नहीं चाहिए, सिर्फ आपका आशीर्वाद चाहिए। उन्होंने कहा कि भोजपुरी सिनेमा से उन्हें जो भी प्रसिद्धि और दौलत मिली है, वह सब जनता की कृपा का नतीजा है।
अपने गानों को लेकर उठने वाले विवादों पर उन्होंने कहा कि हां, हमसे गाने में गलतियाँ हुई हैं, लेकिन हमारे गीतों की वजह से छपरा में नाले नहीं भरे, जलजमाव नहीं हुआ, सड़कें नहीं टूटीं और न ही कोई विकास रुका। उन्होंने यह भी कहा कि अब समय छपरा को बदलने का है इसलिए हम राजनीति में कदम रख रहे हैं।
खेसारी लाल ने कहा कि छपरा उनका घर है और वे इसे साफ-सुथरा, सुंदर और विकसित शहर बनाना चाहते हैं। उन्होंने लोगों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि वे राजनीति में सेवा के उद्देश्य से आए हैं, न कि पद या लाभ के लिए। उनका लक्ष्य युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और शहर को बुनियादी सुविधाएं देना है।
छपरा से पवन सिंह की रिपोर्ट