1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 14, 2026, 9:47:27 AM
- फ़ोटो
BIHAR NEWS : बिहार के शिवहर जिले से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में महज दो वर्ष के मासूम बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बच्चे के शव को बोरे में बंद कर पड़ोसी के घर में छिपा दिया गया। घटना के सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
मृतक बच्चे की पहचान ताजपुर गांव निवासी अरुण साह के पुत्र सुजीत कुमार (02) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की दोपहर सुजीत अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक जब बच्चे का कहीं पता नहीं चला तो परिजनों ने आसपास के लोगों के साथ मिलकर उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के बावजूद जब बच्चा नहीं मिला तो मामले की सूचना नगर थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस और ग्रामीणों द्वारा पूरे गांव में खोजबीन की जा रही थी। इसी दौरान देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि बच्चे के गायब होने के मामले में पड़ोसी परिवार पर शक जताया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी के घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर एक बोरे में बंद बच्चे का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही शिवहर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) शुभांक मिश्रा, एसडीपीओ सुशील कुमार और नगर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर गांव में तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।
एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि शुरुआती जांच में पड़ोसी महिला पार्वती देवी पर संदेह हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि करीब एक महीने पहले मृतक बच्चे के परिवार और उसके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उसी विवाद के कारण उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान महिला ने बच्चे के परिवार को वंश खत्म करने की धमकी भी दी थी। इसी रंजिश में उसने मौके का फायदा उठाकर मासूम बच्चे का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बोरे में बंद कर अपने घर में छिपा दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक बच्चे के पिता अरुण साह असम के दीमापुर में मजदूरी करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। बच्चे की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।