1st Bihar Published by: First Bihar Updated Apr 02, 2025, 7:59:53 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर - फ़ोटो Google
Siwan News : गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बामो गांव निवासी सत्येंद्र राम के बेटे अंकुश कुमार की तालाब में डूबने से मौत हो गई। अंकुश अपनी मां के साथ चैती छठ मनाने के लिए अपने ननिहाल पड़ौली साह टोला गांव आया था।
परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर अंकुश अन्य बच्चों के साथ गांव के तालाब के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद उसका शव तालाब में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
छठ पूजा के दौरान हुआ हादसा
अंकुश के मामा विनोद राम ने बताया कि उसकी दो बहनें हैं और वह मां का इकलौता बेटा था। उसकी मां ने मनौती मानी थी कि यदि बेटा हुआ तो वह छठ पूजा करेगी, इसलिए वह मायके में छठ मनाने आई थी। हादसे के वक्त मां खरना की तैयारी कर रही थी, जब उसे अचानक बेटे के डूबने की खबर मिली। तालाब के पास पहुंचते ही बेटे की मौत देखकर वह बेसुध हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
लकड़ी नवीगंज थाना प्रभारी कुंदन कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच जारी है। इस हादसे से गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।