Hindi News / bihar / vaishali-news / BIHAR NEWS : जमीन का विवाद बना जंग का मैदान ! फर्नीचर दुकान...

BIHAR NEWS : जमीन का विवाद बना जंग का मैदान ! फर्नीचर दुकान में तोड़फोड़ और 1 लाख नकद लूटे; सैकड़ों की संख्या में पहुंचे हमलावर

वैशाली के लोदीपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। पत्थरबाजी, लूटपाट और तोड़फोड़ में महिलाएं और बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए।

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 22, 2026, 10:47:51 AM

BIHAR NEWS : जमीन का विवाद बना जंग का मैदान ! फर्नीचर दुकान में तोड़फोड़ और 1 लाख नकद लूटे; सैकड़ों की संख्या में पहुंचे हमलावर

- फ़ोटो

BIHAR NEWS : बिहार के वैशाली जिले के गरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत लोदीपुर गांव में शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच अचानक हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में महिलाएं और बच्चे समेत दर्जनों लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद पहले से चल रहे जमीन संबंधी मामले को लेकर था, जो शनिवार को अचानक उग्र हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जो बाद में पत्थरबाजी में बदल गई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे पर पत्थर फेंकते और संपत्ति को नुकसान पहुंचाते नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि उपेंद्र राय अपने समर्थकों के साथ सैकड़ों की संख्या में पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने गांव में स्थित एक फर्नीचर दुकान को निशाना बनाया और वहां जमकर तोड़फोड़ की। दुकान में रखे करीब 1 लाख रुपये नकद और लगभग 3 लाख रुपये के सामान की लूटपाट की गई। इसके अलावा दुकान में आग लगाने की भी कोशिश की गई और बाहर खड़ी एक बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।


घायलों में मंजय शर्मा (42), संजय शर्मा (45), रंजन कुमार (18), शीला देवी (38), शर्मीला कुमारी (15), नेहा कुमारी (12), मुस्कान कुमारी (15), सोनू कुमार (10) और मुनि देवी (40) समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। घायल मंजय शर्मा ने बताया कि उनकी बेटी की शादी के लिए घर में रखे पैसे भी हमलावरों ने लूट लिए। उन्होंने प्रशासन से न्याय की मांग की है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विवाद नया नहीं है, बल्कि लंबे समय से चला आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, स्वर्गीय माखनलाल शर्मा द्वारा महेंद्र ठाकुर से खरीदी गई जमीन को लेकर मामला कोर्ट में लंबित है। इस जमीन पर टाइटिल सूट चल रहा है, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। इस बार विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।


घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस प्रशासन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क है।


इस मामले में उपेंद्र राय (जगदीश राय के पुत्र) और दीपक शर्मा (महेंद्र शर्मा के पुत्र) को आरोपी बनाया गया है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। गरौल थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन भी दिया गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, ताकि स्थिति और न बिगड़े।