1st Bihar Published by: First Bihar Updated Mar 25, 2026, 4:00:49 PM
- फ़ोटो
Bihar Board 10th Result 2026: बिहार बोर्ड 10वीं परीक्षा 2026 में शामिल लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने मैट्रिक रिजल्ट जारी करने की तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और अब किसी भी दिन परिणाम घोषित किया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि रिजल्ट 29 मार्च से 31 मार्च 2026 के बीच जारी कर दिया जाएगा। ऐसे में छात्र-छात्राओं का इंतजार अब अपने अंतिम चरण में है।
इस वर्ष बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में करीब 15 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया था। पूरे राज्य में 1699 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा आयोजित कराई गई। परीक्षा खत्म होने के बाद बोर्ड ने तेजी दिखाते हुए कॉपियों का मूल्यांकन कार्य 2 मार्च से शुरू कर 13 मार्च तक पूरा कर लिया। इसके बाद से ही रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया जारी है।
बिहार बोर्ड हर साल सबसे पहले रिजल्ट जारी करने के लिए जाना जाता है और इस बार भी वही परंपरा कायम रहने की पूरी उम्मीद है। पिछले साल यानी 2025 में भी मैट्रिक का रिजल्ट 29 मार्च को जारी किया गया था। इसी को देखते हुए अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार भी रिजल्ट मार्च के आखिरी सप्ताह में ही जारी कर दिया जाएगा।
ऑनलाइन ही मिलेगा रिजल्ट, यहां करें चेक
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र-छात्राएं इसे ऑनलाइन माध्यम से आसानी से देख सकेंगे। इसके लिए उन्हें बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा:
biharboardonline.bihar.gov.in
bsebexam.com
इन वेबसाइट्स पर रिजल्ट जारी होते ही लिंक एक्टिव कर दिया जाएगा, जहां छात्र अपना रोल कोड और रोल नंबर डालकर अपना परिणाम देख पाएंगे।
रिजल्ट चेक करने का आसान तरीका
छात्र नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके आसानी से अपना रिजल्ट देख सकते हैं:
1. सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. होमपेज पर “Bihar Board Matric Result 2026” के लिंक पर क्लिक करें।
3. अपना रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करें।
4. ‘Submit’ बटन पर क्लिक करें।
5. स्क्रीन पर आपकी मार्कशीट दिखाई देगी।
6. इसे डाउनलोड करें और भविष्य के लिए प्रिंटआउट निकाल लें।
मार्कशीट में क्या-क्या जानकारी होगी?
ऑनलाइन जारी होने वाली मार्कशीट में छात्रों को उनके विषयवार अंक, कुल अंक, पास या फेल का स्टेटस, डिवीजन और अन्य जरूरी जानकारी मिल जाएगी। हालांकि, यह प्रोविजनल मार्कशीट होगी। ओरिजिनल मार्कशीट बाद में संबंधित स्कूलों के माध्यम से दी जाएगी।
छात्रों के लिए जरूरी सलाह
रिजल्ट जारी होने के समय वेबसाइट पर ट्रैफिक ज्यादा होने की वजह से कभी-कभी साइट स्लो हो सकती है। ऐसे में छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। वे कुछ देर बाद फिर से कोशिश करें। साथ ही अपना रोल कोड और रोल नंबर पहले से तैयार रखें, ताकि रिजल्ट जारी होते ही तुरंत चेक किया जा सके।