1st Bihar Published by: SONU Updated Apr 04, 2026, 2:31:32 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: बिहार के कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत के बाद उग्र प्रदर्शन हुआ। गोपालपट्टी गांव निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव, जो बाइक छिनतई के एक मामले में संदिग्ध के रूप में दो दिन पहले गिरफ्तार किया गया था, शनिवार सुबह थाने में बीमार हो गया। पुलिस उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, फिर सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
राकेश की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने स्टेट हाइवे-77 को जाम कर दिया और पुलिस टीम पर पथराव करते हुए उन्हें खदेड़-खदेड़ कर पीटा। इस हिंसक झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, और उपद्रवियों ने एक सिपाही की सरकारी रायफल भी लूट ली।
भीड़ थाने में घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर गई। ग्रामीणों ने राकेश की मौत को 'पुलिसिया हत्या' करार देते हुए दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस हमले में पोठिया ओपी अध्यक्ष नवीन कुमार और सिपाही संजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कटिहार एसपी ने बताया कि राकेश एक प्राथमिकी अभियुक्त था, जिसने हाजत में आत्महत्या का प्रयास किया था और इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोप में थानाध्यक्ष रवि कुमार राय और अनुसंधानकर्ता कुंदन कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति नियंत्रण में है।