1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Fri, 06 Feb 2026 01:44:41 PM IST
- फ़ोटो Google
Patna Crime News: पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के उफरपुरा गांव के पास विकास विहार कॉलोनी में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार अपराधियों ने कुख्यात अपराधी सुनील कुमार यादव को गोलियों से भून दिया। अचानक गोलीबारी की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकले तो सुनील यादव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों ने सुनील यादव को घर के बाहर निशाना बनाया। बाइक पर सवार हमलावरों ने उसके सिर में दो गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
मृतक की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी शिवजतन यादव के 36 वर्षीय बेटे सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कुछ ही दिन पहले जेल से बाहर आया था और जान के खतरे के चलते फुलवारी शरीफ में ठिकाना बदलकर रह रहा था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सुनील यादव का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और अन्य गंभीर मामलों में दर्जनों मामले दर्ज थे, और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
घटनास्थल से कई गोलियों के खोखे बरामद किए गए हैं। साक्ष्य संकलन के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे गैंगवार की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और आपसी रंजिश के एंगल से मामले की छानबीन कर रही है।
थानाध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।