1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated Jan 25, 2025, 12:34:30 PM
कांग्रेस को बड़ा झटका - फ़ोटो google
Delhi Election 2025: दिल्ली में आगामी 5 फरवरी को विधानसभा की 70 सीटों के लिए वोटिंग होनी है लेकिन इससे पहले दल-बदल का खेल जारी है। अपने राजनीतिक भविष्य को देखते हुए विभिन्न दलों के नेता पाला बदल रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस को तब बड़ा झटका लगा जब पूर्वांचल के एक बड़े नेता ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
शुक्रवार को कांग्रेस पूर्वांचल कमेटी के अध्यक्ष शिवाजी सिंह अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ बीजेपी में शामिल हो गए। दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने शिवाजी सिंह को पार्टी में शामिल कराया और उनका स्वागत किया। इस मौके पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिवाजी सिंह पिछले कई सालों से भोजपुरी सम्मेलन के जरिए लोगों को एकजुट करते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी में आने के बाद अब शिवाजी सिंह पूर्वांचल के लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम करेंगे। इनके आने से पूर्वांचल के लोगों के बीच पहुंचने में बीजेपी को बड़ी मदद मिलेगी। वहीं बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि शिवाजी सिंह दिल्ली में पिछले दो दशक से पूर्वांचलवासियों के हकों की लड़ाई लड़ते रहे हैं। खुद उन्हें दिल्ली लाने में उनका ही सबसे बड़ा योगदान रहा है।