1st Bihar Published by: KHUSHBOO GUPTA Updated Apr 23, 2025, 9:34:00 AM
पहलगाम हमले पर पाकिस्तान का बयान - फ़ोटो
Pahalgam terror attack: जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का रिएक्शन सामने आया है। पाकिस्तान ने खुद के गिरेबान को साफ बताया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि 'हमारा इस हमले से कोई लेना-देना नहीं है। हम हर तरह के आतंकवाद को खारिज करते हैं।'
ख्वाजा आसिफ ने एक पाकिस्तानी टीवी न्यूज चैनल को बयान देते हुए आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे भारत के लोग ही शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 'वहां लोग सरकार के खिलाफ बगावत कर चुके हैं। वहां नागालैंड से लेकर मणिपुर और कश्मीर में लोग सरकार के खिलाफ हैं। भारत सरकार लोगों के हक को मार रही है। उनका शोषण कर रही है। इसके खिलाफ लोग खड़े हो चुके हैं।'
आपको बता दें कि पहलगाम में मंगलवार को पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई जबकि 13 लोग घायल हो गए हैं। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सेना आतंकियों की तलाश में जुट गई है। आर्मी के साथ सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस भी सर्च ऑपरेशन चला रही है। आर्मी की विक्टर फोर्स के साथ-साथ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के जवान हमलावर आतंकियों की तलाश कर रहे हैं।