1st Bihar Published by: FIRST BIHAR Updated May 27, 2025, 1:58:01 PM
पाकिस्तान को सख्त संदेश - फ़ोटो google
PM Narendra Modi: ऑपरेशन सिंदूर के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार गुजरात दौरे पर पहुंचे है। मंगलवार की सुबह प्रधानमंत्री मोदी गांधीनगर पहुंचे, जहां उन्होंने रोड शो किया और जनता को संबोधित किया। पीएम मोदी की गुजरात की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे हैं और ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनकी अपने गृह राज्य की यह पहली यात्रा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि हम कांटे को निकालकर रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ईंट का जवाब पत्थर से देना चाहिए। साथ ही उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का भी उल्लेख किया और कहा कि "सरदार पटेल की इच्छा थी कि जब तक पीओके वापस नहीं आता, सेना रुकनी नहीं चाहिए, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।"
पीएम मोदी ने कहा कि देशभक्ति का ज्वार पूरे भारत में दिखाई दे रहा है, न सिर्फ गुजरात में। उन्होंने बताया, मैं दो दिन से गुजरात में हूं। कल वडोदरा, दाहोद, भुज, अहमदाबाद और आज गांधीनगर में रहा हूं। जहां भी गया, लोगों में मातृभूमि के प्रति अपार प्रेम और उत्साह देखा है। उन्होंने आगे कहा, शरीर कितना भी स्वस्थ क्यों न हो, लेकिन अगर एक कांटा चुभता है, तो पूरा शरीर दुखता है। हमने तय कर लिया है कि उस कांटे को निकालकर रहेंगे।
प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की नीतियों और 75 वर्षों से चले आ रहे आतंकवाद के इतिहास पर भी तीखी टिप्पणी की और कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के पीछे भी यही विकृत मानसिकता थी। लेकिन जब-जब भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध की स्थिति बनी, भारत ने हर बार पाकिस्तान को पराजित किया है। अब पाकिस्तान जान गया है कि वह भारत से युद्ध में नहीं जीत सकता। गांधीनगर में पीएम मोदी के स्वागत में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।