Hindi News / news / अनंत सिंह को न्याय दिलाने के लिए दिल्ली दरबार जाएंगी नीलम देवी, केंद्रीय...

अनंत सिंह को न्याय दिलाने के लिए दिल्ली दरबार जाएंगी नीलम देवी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से करेंगी फरियाद

1st Bihar Published by: Ganesh Samrat Updated Dec 02, 2019, 12:37:35 PM

अनंत सिंह को न्याय दिलाने के लिए दिल्ली दरबार जाएंगी नीलम देवी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से करेंगी फरियाद

- फ़ोटो

PATNA : मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को न्याय दिलाने के लिए उनकी पत्नी नीलम देवी दिल्ली दरबार में फरियाद लगाएंगी। नीलम देवी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने वाली हैं। अमित शाह से मुलाकात कर नीलम देवी अपने पति अनंत सिंह के ऊपर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करेंगी। अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी लगातार यह आरोप लगाते रहे हैं कि नीतीश सरकार और बिहार पुलिस उनके खिलाफ साजिश के तहत अपराधिक मामले दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। नीलम देवी इसके पहले बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर फरियाद लगा चुकी हैं, अब उन्होंने दिल्ली दरबार का रुख करने का फैसला किया है। 


अनंत सिंह के खासमखास बंटू सिंह ने कहा है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के लिए वक्त मांगा जा रहा है। मुलाकात का समय मिलते ही नीलम देवी दिल्ली जाएंगी और केंद्रीय गृह मंत्री को पूरी स्थिति से वाकिफ कराएंगीं। बंटू सिंह ने कहा है कि एके-47 बरामदगी मामले में पुलिस ने जिस तरह अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की है वह बेहद एकतरफा है। अनंत सिंह को पूरे मामले में फंसाया जा रहा है जबकि उनके विरोधी विवेका पहलवान के घर एके-47 लहराने वाले गुर्गों के हथियार को पुलिस ने प्लास्टिक का खिलौना मान लिया है। 


अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी दिल्ली दरबार में फरियाद करें उसके पहले बंटू सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री को एक पत्र भी लिखा है। बंटू सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर के अपने लिए सुरक्षा की मांग की है। बंटू सिंह ने आशंका जताई है कि अनंत सिंह के लिए संघर्ष करने के कारण उनकी हत्या कराई जा सकती है। उन्होंने इस मामले में बिहार पुलिस सुरक्षा प्रदान करने की गुहार लगाई है। बंटू सिंह ने कहा है कि उन्होंने बिहार पुलिस से भी सुरक्षा मांगी लेकिन इस पर कोई एक्शन नहीं लिया गया। अब देखना दिलचस्प होगा कि अनंत सिंह के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोई संज्ञान लेते हैं या नहीं।