1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jul 02, 2024, 9:20:22 PM
- फ़ोटो
PATNA: मनेर थाना क्षेत्र के व्यापुर हाई स्कूल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्कॉर्पियो और ऑटो के बीच हुई सीधी टक्कर में ऑटो सवार एक बुजुर्ग की घटनास्थल पर मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग बुरी तरह घायल हो गये। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। मृतक की पहचान ढकनपोश गांव निवासी स्व0 सुखदेव राय के पुत्र 65 वर्षीय मेघनाथ सिंह के रूप में हुई है।
घटना के बाद स्कॉर्पियो का ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया। घटना मंगलवार की शाम की है। घटनास्थल पर लोगों ने बताया कि दानापुर से मनेर की ओर जा रही ऑटो में विपरीत दिशा की ओर से आ रही स्कॉर्पियो ने सामने से टक्कर मार दी। दोनों वाहनों में हुई भीषण टक्कर के बाद ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ऑटो पर सवार मेघनाथ सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक दानापुर कोर्ट से वापस अपने घर ढकनपोश गांव जाने के लिए दानापुर में ऑटो पर सवार हुए थे। इस घटना में अन्य यात्री भी घायल हुए हैं, जिनमें दो लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल दानापुर भेज आगे की कार्रवाई शुरू की।