1st Bihar Published by: First Bihar Updated Feb 03, 2023, 3:49:31 PM
- फ़ोटो
DESK: बड़ी खबर उत्तर प्रदेश के हरदोई से आ रही है, जहां पूर्व सीएम अखिलेश यादव के काफिले के साथ हादसा हो गया है। अखिलेश यादव के काफिले में मौजूद कई गाड़ियां एक दूसरे से टकरा गई हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे इसी दौरान यह हादसा हो गया। इस हादसे में कई लोगों के घायल होने की खबर है।
जानकारी के मुताबिक यूपी के पूर्व सीएम और सपा प्रमुख अखिलेश यादव एक शादी समारोह में जाने के लिए निकले थे। जैसे ही पूर्व सीएम का काफिला हरदोई के फरहत नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा अचानक अपने काफिले के कई गाड़ियां एक के बाद एक आपस में टकरा गईं। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस हादसे के बाद मौके पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमें में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम ने सभी घायलों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेज दिया है, जहां घायलों का इलाज जारी है। हालांकि गनीमत की बात रही कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव पूरी तरह से ठीक हैं। हालात सामन्य होने के बाद अखिलेश यादव शादी समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हो गए।

