1st Bihar Published by: SAURABH KUMAR Updated Jan 06, 2023, 5:22:16 PM
- फ़ोटो
SITAMARHI: इस वक्त की बड़ी खबर सीएम नीतीश की समाधान यात्रा से जुड़ी हुई सामने आ रही है। सीतामढ़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के यात्रा के दौरान एक युवक ने जान देने की कोशिश की है। जैसे ही सीएम समाहरणालय के परिचर्चा भवन के पास पहुंचे, युवक ने आत्मदाह करने की कोशिश की हालांकि वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
युवक की पहचान आफताब आलम के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक साल 2021 में आफताब के भाई जहांगीर आलम की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। परिजनों ने जहांगीर की हत्या अपराधियों द्वारा करने की आशंका जताई थी लेकिन पुलिस ने इसे एक्सीडेंट बताते हुए मामले को रफादफा कर दिया। जहांगीर आलम का भाई पुलिस की जांच से असंतुष्ट था। बार बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस उसकी बात नहीं सुन रही थी।
जिसके बाद आफताब ने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसे जानकारी थी कि सीएम नीतीश आज सीतामढ़ी पहुंच रहे हैं। अपनी बात को सीएम तक पहुंचाने के लिए उसने मुख्यमंत्री के सामने जान देने की कोशिश की लेकिन समय रहते पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में ले लिया। इस दौरान थोड़ी देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।