1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 30, 2024, 6:08:45 PM
- फ़ोटो
NAWADA: बहू की हत्या के मामले में नवादा मंडल कारा में बंद सास 61 वर्षीया धनमा देवी की मौत हो गयी है। वो सुगर की पेशेंट थी। सुगर लेवल बढ़ने से उसकी तबीयत काफी बिगड़ गयी और जिसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान मौत हो गयी।
नवादा मंडल कारा की विचारधीन महिला बंदी की मौत से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। मृतका की पहचान रजौली के किशुन प्रसाद यादव की 61 वर्षीय पत्नी धनमा देवी के रूप में हुई है। जेल अधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि महिला बंदी को गंभीर सुगर की बीमारी थी और आज उसकी तबीयत जेल में ही बिगड़ने लगी।
उसकी स्थिति को देखते हुए शुरुआती दौर में उसका इलाज जेल में डॉक्टरों के द्वारा किया गया। लेकिन जब हालत में सुधार नहीं हुआ तब बेहतर इलाज के लिए जेल के डॉक्टरों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने के बाद महिला बंदी ने दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि 24 अप्रैल 2024 को महिला बंदी अपनी बहू की हत्या के आरोप में जेल आई थी। फिलहाल इस घटना के बाद महिला बंदी के परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना भेजा गया है।