1st Bihar Published by: Ajit Kumar Updated Nov 23, 2022, 8:59:22 PM
- फ़ोटो
BHAGALPUR: बिहार में बेखौफ हो चुके अपराधी एक के बाद एक वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। ताजा घटना भागलपुर की है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट के दौरान एक निजी बैंक के कर्मी को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मामले के छानबीन में जुट गई है। घटना सुलतानगंज के घोरघट खगड़िया हाल्ट के पास की है।
बताया जा रहा है कि खगड़िया के अलौली का रहने वाला मुकेश कुमार एक निजी बैंक में कलेक्शन एजेंट के तौर पर काम करता है। बुधवार की दोपहर मुकेश कलेक्शन के बाद वापस बैंक लौट रहा था। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने उसे बीच रास्ते में घेर लिया और उससे लूटपाट करने लगे। मुकेश ने जब लूटपाट का विरोध किया तो बदमाश दो गोली दागकर उसके पास से 1.20 लाख रुपए लूट लिए और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घालय बैंक कर्मी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले के छानबीन में जुट गई है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।