Hindi News / news / बिहार: अगलगी में युवती समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, खाना बनाने...

बिहार: अगलगी में युवती समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, खाना बनाने के दौरान हुआ हादसा, घर में होनी थी बेटी की शादी

1st Bihar Published by: First Bihar Updated May 19, 2023, 8:59:51 PM

बिहार: अगलगी में युवती समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलसे, खाना बनाने के दौरान हुआ हादसा, घर में होनी थी बेटी की शादी

- फ़ोटो

ARA: खबर भोजपुर से आ रही है, जहां खाना बनाने के दौरान गैस लीक होने से लगी आग में दुल्हन बनने वाली लड़की समेत पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आगलगी की इस घटना में घर में रखा शादी का सामान भी जलकर राख हो गया। सभी झुलसे लोगों को आनन फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तेनुआ गांव की है।


बताया जा रहा है कि तेनुआ गांव निवासी खदेरू पासवान की 19 वर्षीय बेटी की शादी इसी महीने होने वाली थी। दो दिन बाद यानी 21 मई को तिलक थी जबकि 29 मई को बारात आनी थी। लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था। शुक्रवार की दोपहर 19 वर्षीय लड़की अपने करकटनुमा घर में खाना बना रही थी, सभी गैस का पाइल लीक हो गया और घर मे आग लग गई। अगलगी की इस घटना में दुल्हन बनने वाली लड़की बुरी तरह से झुलस गई जबकि उसे बचाने के दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी झुलस गए।


स्थानीय लोगों द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी झुलसे लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। अगलगी की इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शादी वाले घर में कपड़े, बर्तन समेत अन्य सभी सामान जलकर राख हो गए हैं जबकि दुल्हन बनने वाली लड़की भी शादी से ठीक पहले झुलस गई है।