1st Bihar Published by: Updated Jul 08, 2022, 7:27:21 AM
- फ़ोटो
PATNA : अग्निपथ योजना के तहत पहली बार सेना भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है. रक्षा मंत्रालय ने इसके लिए संभावित तिथि की घोषणा कर दी है, जिसके अनुसार बिहार के जिलों के लिए बहाली प्रक्रिया सात अक्तूबर से शुरू होगी, जो 20 दिसंबर तक चलेगी. हालांकि इस तिथि में जरूरत होने के अनुसार बदलाव भी हो सकते हैं.
बिहार में दानापुर, गया और मुजफ्फरपुर में भर्ती ली जायेगी. इस बार कटिहार भर्ती बोर्ड के अधीन आने वाले जिलों की बहाली प्रक्रिया मुजफ्फरपुर में ही होगी. इसमें भाग लेने के लिए आवेदक की आयु साढ़े 17 से 23 वर्ष होनी चाहिए. वे ऑनलाइन आवेदन www.joinindianarmy.nic. in पर तय तिथि में ही कर सकते है. वहीं, पड़ोसी राज्य झारखंड में बहाली प्रक्रिया पांच सितंबर से 22 सितंबर तक चलेगी.
जानकरी के लिए बता दें कि दानापुर (आरओ) जोन में सात से 23 अक्तूबर तक बहाली प्रकिया चलेगी. इसमें पटना, बक्सर, भोजपुर, सिवान, सारण, गोपालगंज और वैशाली के अभ्यर्थी शामिल होंगे. वहीं, कटिहार जोन में 07 से 20 दिसंबर के बीच बहाली होगी. इसमें 12 जिले कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सहरसा, सुपौल, मुंगेर, बांका, भागलपुर, खगड़िया और बेगूसराय के अभ्यर्थी शामिल होंगे.
बता दें कि गया जोन में दो नवंबर से 15 नवंबर तक भर्ती प्रकिया चलेगी. इसमें कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, गया, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय और जमुई के अभ्यर्थी शामिल होंगे. वहीं, मुजफ्फरपुर जोन में 21 नवंबर से चार दिसंबर के बीच बहाली होगी. इसमें मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण के अभ्यर्थी शामिल होंगे.