1st Bihar Published by: Rahul Singh Updated Nov 10, 2019, 1:36:52 PM
- फ़ोटो
PATNA : लोक जनशक्ति पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पटना पहुंचे चिराग पासवान ने झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। चिराग पासवान ने कहा है कि अगर बीजेपी गठबंधन में उनकी पार्टी को तवज्जो नहीं मिलती है तो एलजीपी झारखंड में 37 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार दे सकती है। पटना पहुंचे चिराग पासवान का एयरपोर्ट पर एलजेपी के कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त स्वागत किया है।
दरअसल चिराग पासवान ने झारखंड विधानसभा की 37 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार देने की बात यूं ही नहीं कही है। झारखंड बीजेपी के चुनाव प्रभारी ओम माथुर के साथ चिराग पासवान की बातचीत नहीं बन सकी है। सूत्रों के मुताबिक सीटों के तालमेल को लेकर चिराग और ओम माथुर के बीच जो बातचीत हुई उसमें एलजीपी ने 6 सीटों पर दावा किया था बाद में यह दावेदारी घटकर 3 सीटों पर आ गई. लेकिन इसके बावजूद बीजेपी एलजेपी को तरजीह नहीं दे रही है।
झारखंड में एलजेपी को लेकर बीजेपी के रुख का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अब तक केंद्रीय नेतृत्व से लेकर बीजेपी के स्थानीय नेता तक एलजेपी के एडजस्टमेंट पर कोई बयान नहीं दे रहे हैं। बीजेपी का पूरा ध्यान आजसू पर टिका हुआ है। जिसके संसदीय बोर्ड की बैठक आज रांची में होनी है। सूत्रों की मानें तो लोक जनशक्ति पार्टी बीजेपी से जरमुंडी विधानसभा सीट मांग रही है जिस पर भी बीजेपी की तरफ से कोई आश्वासन नहीं मिल रहा है। जिस तरह से बीजेपी लोजपा की अनदेखी कर रही है उसके बाद चिराग के पास कोई विकल्प बचा हुआ नहीं था।