Hindi News / news / दिल्ली से सुपौल आए पैसेंजर ने पहले ड्राइवर को पीटा, फिर लूट ली...

दिल्ली से सुपौल आए पैसेंजर ने पहले ड्राइवर को पीटा, फिर लूट ली कार

1st Bihar Published by: SANT SAROJ Updated Jul 08, 2021, 8:02:43 PM

दिल्ली से सुपौल आए पैसेंजर ने पहले ड्राइवर को पीटा, फिर लूट ली कार

- फ़ोटो

SUPAUL: दिल्ली के महिपालपुर से सुपौल पहुंची ओला कैब को पैसेंजर ने ही लूट लिया। ड्राइवर ने जब भाड़े की मांग की तो पैसेंजर को यह नागवार गुजरा। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले तो ड्राइवर की जमकर पिटाई कर दी और फिर उसकी कार को लूटकर फरार हो गये। जिसके बाद पीड़ित रोता हुआ अपनी शिकायत लेकर थाने पहुंचा जहां पुलिस पदाधिकारियों ने उसकी बातें सुनी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जिसकी निशानदेही पर कार को भी बरामद कर लिया गया। 

  

 किराया मांगने पर पहले पीटा फिर लूट ली कार 

पीड़ित ड्राइवर सतपाल सिंह ने बताया कि एकसेन्ट प्राइम कार रजिस्ट्रेशन नम्बर यूपी 79 टी 6608 को दिल्ली के महिपालपुर के रहने वाले सुरज कुमार ने 35 हज़ार रुपये में ओला से बुकिंग कराकर बुधवार की सुबह सुपौल पहुंचे थे। ड्राइवर ने बताया की सुपौल पहुंचते ही सभी रेलवे स्टेशन के पास बालाजी रेस्टोरेंट में ठहरे थे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद जब वे लौटकर नहीं आए तब होटल से जाकर पैसे की मांग की। जिसके बाद पैसे देने के लिए पैसेंजर होटल से बाहर निकले। जिसके बाद चार अन्य युवकों के साथ मिलकर रेलवे स्टेशन के पीछे ले गये। जहां पहले पिटाई की फिर कार को लूट लिया।



सुपौल पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई  

जब इस घटना की जानकारी पीड़ित ओला के ड्राइवर ने सुपौल पुलिस को दी। तब पुलिस ने मामले पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पैसेंजर सूरज कुमार औऱ एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया और पूछताछ के लिए दोनों को थाना लाया गया। जिसके बाद पैसेंजर की निशानदेही पर त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के एनएच 327ई के किनारे बघला गांव से कार को बरामद किया गया। थानाध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह ने बताया कि अन्य नामजद की भी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना की हरेक बिंदु की बारीकी से जांच कर रही है।