1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jan 24, 2024, 1:22:30 PM
- फ़ोटो
GOPALGANJ : बिहार में अपराधियों का तांडव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। राज्य के अंदर शायद ही कोई ऐसा दिन गुजरता हो जिस दिन कहीं न कहीं से अपराध से जुड़ी खबरें निकल कर सामने नहीं आती हो। इसी कड़ी में अब एक ताजा मामला गोपालगंज से निकल कर सामने आ रहा है। जहां एक युवती की संदिग्ध मौत हो गई है। यह घटना नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ गांव की है,जहां अपने घर में सो रही एक युवती की संदिग्ध स्थिति में अचानक मौत हो गई।
वहीं, इस घटना के बाद परिजनों ने चोर पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के हरखुआ गांव निवासी कुंवर शर्मा की 23 वर्षीय बेटी निशा कुमारी के रूप में की गई है। इस घटना के बाद अफरा -तफरी का माहौल कायम हो गया है।
दरअसल, घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि देर रात युवती अपने घर के एक कमरे में भाभी के साथ सोई हुई थी। पिता ने बताया कि देर रात घर में सीढ़ी के रास्ते कुछ चोर चोरी करने की नीयत से घुस गए थे। सीढ़ी के पास उनका जूता भी मौजूद था, इसी बीच कमरे में दरवाजे के किल्ली तोड़कर वो घुस गए।आवाज सुनकर उनकी बहू समेत अन्य लोग जग गए और शोर मचाने लगे. तभी चोर ने युवती का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गए।
वहीं परिजन युवती को तत्काल इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव के पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। मृतका के पिता ने बताया कि चार बहन और दो भाईयों में वो सबसे छोटी थी, जो प्राइवेट स्कूल में बच्चों को पढ़ाती थी। आने वाले 18 अप्रैल को तिलक और 23 अप्रैल को शादी होने वाली थी। सारा परिवार शादी की तैयारी में जुटा हुआ था, इसी बीच यह घटना हो गई. इस संदर्भ में नगर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि "शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, गला दबाकर हत्या का परिजन आरोप लगा रहे हैं, मामले की जांच की जा रही है।