Hindi News / news / गया में कैदी की मौत पर बवाल: बीच सड़क पर शव को रखकर...

गया में कैदी की मौत पर बवाल: बीच सड़क पर शव को रखकर आक्रोशित लोगों ने किया जमकर हंगामा, जेल प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप

1st Bihar Published by: First Bihar Updated Jun 26, 2024, 3:00:49 PM

गया में कैदी की मौत पर बवाल: बीच सड़क पर शव को रखकर आक्रोशित लोगों ने किया जमकर हंगामा, जेल प्रशासन पर लगाया गंभीर आरोप

- फ़ोटो

GAYA: गया में कैदी की मौत पर खूब बवाल हुआ। पहले आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में हंगामा किया फिर बीच सड़क पर शव रखकर बवाल मचाया। दरअसल गया स्थित केंद्रीय कारागार में बीती रात एक कैदी की मौत हो गई थी। जिसकी सूचना मिलने पर आज कैदी के परिजन अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचे और घटना पर विरोध जताते हुए हंगामा मचाने लगे।


 इस दौरान आक्रोशित परिजनों ने गया-चेरकी मुख्य सड़क मार्ग के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल के मुख्य द्वार पर शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया और नारेबाजी करने लगे। परिजन कैदी की हत्या करने का आरोप जेल प्रशासन पर लगा रहे थे। हालांकि मौके पर पहुंचे पुलिस के जवानों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे लेकिन परिजन कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे। देखते ही देखते सैकड़ो लोगों की भीड़ लग गई। मृतक की पहचान जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी रतन सिन्हा के रूप में की गई है। 


इस संबंध में मृतक के भाई गौतम कुमार सिन्हा ने बताया कि विगत मई माह में चेक बाउंस के मामले में उनके भाई रतन सिन्हा गया जेल में बंद थे। आज अहले सुबह जेल से फोन आया कि आपके भाई की तबीयत खराब हो गई है,जिसके बाद हमलोग अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचे। जब हम लोग यहां पहुंचे तो देखे कि हमारा भाई मृत पड़ा हुआ है और जेल प्रशासन का कोई सिपाही या कर्मचारी मौजूद नहीं है। हमारे भाई के शव को लावारिस अवस्था में छोड़ दिया गया था। 


मृतक के भाई ने कहा कि जब हमने ईसीजी रिपोर्ट की मांग की तो कहा गया कि आपको यह रिपोर्ट नहीं मिल सकता। हमारे भाई की मौत हो गई है और उसका ईसीजी रिपोर्ट हमें क्यों नहीं मिल सकता है इसका जवाब मुझे चाहिए। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन के लोगों ने ही मिलकर हमारे भाई की हत्या कर दी है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की हैं।

गया से नितम राज की रिपोर्ट