1st Bihar Published by: RAKESH KUMAR Updated Mar 16, 2026, 3:32:05 PM
- फ़ोटो Reporter
Bihar Crime News: भोजपुर जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है। आरा–मोहनिया एनएच-319 पर जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बभनियांव–पिलापुर गांव स्थित टोल प्लाजा के समीप सोमवार को मध्य निषेध इकाई पटना और मध्य निषेध थाना जगदीशपुर की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई।
पुलिस ने एक कंटेनर से 333 कार्टन विदेशी शराब जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। सहायक आयुक्त, मध्यनिषेध भोजपुर रजनीश ने बताया कि शराब को ट्रक कंटेनर में बेहद चालाकी से छिपाकर लाया जा रहा था। कंटेनर में खाली धागा रोल के सैकड़ों बंडलों के बीच शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं, ताकि जांच के दौरान किसी को संदेह न हो सके।
गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने कंटेनर की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की कुल मात्रा 2973.6 लीटर बताई गई है, जिसमें 9540 बोतल विदेशी शराब शामिल है। जब्त शराब की बाजार कीमत करीब 35 लाख 68 हजार 320 रुपये आंकी गई है। बरामद शराब में मैकडॉवेल्स और रॉयल स्टैग ब्रांड की बोतलें शामिल हैं।
पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान विपिन कुमार (पिता बैजनाथ सिंह), निवासी बरौलिया थाना जयथा, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) और बृजेश कुमार (पिता राजकुमार), निवासी टिकरी कला थाना सिकंदरा, जिला हाथरस (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप उत्तर प्रदेश के नोएडा से बिहार लाई जा रही थी और यहां खपाने की तैयारी थी। इस कार्रवाई में जगदीशपुर उत्पाद थाना के निरीक्षक अनिल कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि शराब के खिलाफ पुलिस सख्ती बरत रही है और राज्य की सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है तो कैसे किसी दूसरे राज्य से शराब की बड़ी खेप बिहार पहुंच रही है?